हड़ताल पर नर्सें, मरीज बेहाल

अल्मोड़ा/बागेश्वर। ग्रेड-पे देने समेत अन्य मांगें पूरी न होने से नाराज नर्सों ने तीसरे दिन भी कार्य बहिष्कार किया। उन्होंने अपराह्न दो से रात्रि आठ बजे तक ही ड्यूटी की। सुबह ओपीडी और रात्रि शिफ्ट के कार्य का बहिष्कार किया। इस दौरान वार्डों में सन्नाटा पसरा रहा।
राजकीय नर्सेस एसोसिएशन के प्रांतीय नेतृत्व के आह्वान पर जिला मुख्यालय स्थित महिला, जिला और बेस अस्पतालों में नर्सों ने बुधवार को भी तीन शिफ्टों में से सिर्फ दोपहर वाली शिफ्ट में काम किया। सुबह आठ से दो बजे और शाम को आठ से सुबह आठ बजे की शिफ्ट में ड्यूटी का बहिष्कार किया। नर्सों की हड़ताल के मद्देनजर अस्पतालों में प्रशिक्षु एएनएम और फार्मेसिस्टों से काम लिया जा रहा है। इधर, राजकीय नर्सेस एसोसिएशन की सचिव सुरजीत कौर कुरैशी ने बताया कि पांच जनवरी तक एक ही शिफ्ट में ड्यूटी करेंगी।
इधर, बागेश्वर में भी नर्सें हड़ताल पर रहीं। सरकारी अस्पतालों में वार्डों में सन्नाटा पसरा है। परेशानहाल मरीजों को निजी चिकित्सालयों का रुख करना पड़ रहा है। जिला अस्पताल में नर्सों ने नारेबाजी की। उन्होंने शासन-प्रशासन पर उपेक्षा का आरोप लगाया।

Related posts