हजार रुपये में भी नहीं मिल रही गैस

घनसाली (टिहरी)। भिलंगना प्रखंड के ग्रामीण क्षेत्रों में तीन माह से लोग रसोई गैस के लिए धक्के खा रहे हैं। एजेंसी से हजार रुपये में भी लोगों को सिलेंडर नहीं मिल रहे हैं। लोग सिलेंडर की आस में एजेंसी जाते हैं और खाली हाथ लौटते हैं।
घनसाली इंडेन गैस एजेंसी में प्रतापनगर सहित 23, 854 कनेक्शन हैं। जहां प्रतिदिन एक ट्रक सिलेंडर की खपत हैं। लेकिन यहां जो गैस आ रही है, उसकी खपत एजेंसी में भी पूरी नहीं हो पा रही है। जिससे ग्याहरागंाव, हिंदाव, भिलंग, बासर, बूढ़ाकेदार, आरगढ़, गोनगढ़, केमर, नैलचामी,कोटी-फैगुल के साथ ही प्रतापनगर विधानसभा क्षेत्र के ढुंग-मंदार, धारमंडल में तीन माह से गैस नहीं मिल रही है। गैस आपूर्ति न होने से ग्रामीणों में खासा रोष बना हुआ है। लोगों ने ग्रामीण क्षेत्रों में गैस वितरण के लिए रोस्टर बनाने की मांग की है।

तीन माह से गैस नहीं आने पर आठ सितंबर को घनसाली एजेंसी में सिलेंडर भरवाने गए थे, लेकिन उस दिन गैस समाप्त होने पर होटल में रुकना पड़ा, नौ सितंबर को सुबह पांच बजे लाइन पर लगे, जब तक नंबर आता सिलेंडर समाप्त हो गए। एक हजार रुपये खर्च करने के बाद भी रसोई गैस नहीं मिल पाई। – मनमोहन डिमरी, ग्राम तिसरियाड़ा विनकखाल

घनसाली से 34 किमी दूर कोट हिंदाव से रसोई गैस भराने के लिए एजेंसी में आए लेकिन तीन-चार घंटे लाइन में लगने के बाद भी गैस नहीं मिली। रात को होटल में रुकना पड़ा दूसरे दिन भी गैस नहीं मिली। – शंभू प्रसाद नैथानी, कोट हिंदाव

घनसाली एजेंसी में प्रतिदिन एक ट्रक की खपत है, जिसके सापेक्ष दूसरे-तीसरे दिन गैस की आपूर्ति हो रही है, इस स्थिति में लोगों को समय पर गैस नहीं मिल पा रही है-तोताराम भट्ट, प्रबंधक गैस एजेंसी घनसाली

Related posts