
शिमला के लोगों की जान पर भारी पड़ रही टूटी सीढ़ियों और टूटी रेलिंग को लेकर नगर निगम सदन में जमकर हंगामा हुआ। भाजपा और कांग्रेस के पार्षदों ने इस मुद्दे को लेकर नगर निगम सदन का बायकाट कर बचत भवन के बाहर महापौर के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की।
पार्षदों ने समस्याओं की अनदेखी होने की बात कहते हुए निगम प्रशासन पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया। पांच मिनट तक पार्षदों के सदन में वापस नहीं लौटने पर महापौर ने आधा घंटा सदन की कार्य वाही को स्थगित कर दिया।
प्रश्नकाल समाप्त होने के बाद छोटा शिमला वार्ड से पार्षद सुरेंद्र चौहान ने प्वाइंट ऑफ आर्डर लेते हुए मंगलवार दोपहर रिज मैदान से सटे नगर निगम की एपी शाखा को जाने वाली सीढ़ियों में गिर कर हुई बुजुर्ग की मौत का मामला उठाया।
