
कुमारसैन (शिमला)। क्षेत्र के झोला छाप डाक्टर लोगों के स्वास्थ्य से सरेआम खिलवाड़ कर रहे हैं। वहीं ये युवाओं को भी नशे की दवाइयां मुहैया करवा रहे हैं। यही नहीं, इनमें से कुछ तो मरीजों को भर्ती भी कर रहे हैं। इसके बाद भी न तो स्वास्थ्य विभाग और न ही प्रशासन इन झोला छाप डाक्टरों पर कोई कार्रवाई कर पाया है।
इन डाक्टरों ने कुमारसैन क्षेत्र के नारकंडा, थानाधार, भुट्टी, ओडी, किंगल, बड़ागांव और कांगल आदि क्षेत्रों में अड्डा जमा रखा है। यहां ग्रामीण क्षेत्र के लोग इनके झांसे में फंस रहे हैं क्योंकि ये डाक्टर ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों के घरद्वार पर सेवा दे रहे हैं। इन डाक्टरों के उपचार से कई छोटे रोग बड़े बन जाते हैं, लेकिन इसके बाद भी इन पर कोई कार्रवाई नहीं हो पा रही है। हाल ही में ओडी और सुन्नी में पुलिस ने छापेमारी के दौरान 250 अवैध नशे की दवाइयों की बोतलें पकड़ी थीं।
इधर, इस बारे में बीएमओ कुमारसैन डा. एनएल मेहता ने कहा कि इस बारे में लोगों को अपने स्तर पर भी जागरूक होना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग उक्त डाक्टरों पर कार्रवाई कर रहा है। आगे भी विभाग की कार्रवाई जारी रहेगी। उधर, एसएचओ कुमारसैन राजेंद्र कुमार ने कहा कि इनके खिलाफ सूचना मिलने पर पर कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि इस तरह के मामले की सूचना वे स्वास्थ्य विभाग और पुलिस को दें।
