स्वारघाट में गरमाई कर्मचारी राजनीति

स्वारघाट (बिलासपुर)। अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ की चुनावी प्रक्रिया शुरू होते ही कर्मचारी राजनीति उफान पर आ गई है। तदर्थ समिति का गठन करते हुए बाकायदा कर्मचारी राजनीति में एकता का संदेश देने की कोशिश की जा रही है। खंड और विभागीय स्तर पर कर्मचारी अभी भी दो धड़ों में बंटे हुए हैं। गैर शिक्षक कर्मचारी संघ की दो समानांतर कार्यकारिणी बन गई है। अब स्वारघाट खंड में होने जा रहे चुनाव में दो कर्मचारी नेता अध्यक्ष पद पर दावेदारी जता रहे हैं। एक ने अपने पैनल की घोषणा कर दी है। दूसरा तैयारी में है और पहली अगस्त को अपना पैनल उतारेगा।
दोनों ही नेताओं ने चुनाव प्रचार अभियान भी तेज कर दिया है। संघ के सदस्यों से डोर-टू-डोर मिलकर अपने पक्ष में मतदान की अपील भी की जा रही है। आठ अगस्त को होने वाली जनरल हाउस की बैठक में ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि कौन मैदान में रहेगा और कौन नहीं। स्वारघाट खंड से अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ के प्रधान पद के लिए इंटक से संबंधित रूपलाल ठाकुर ने ताल ठोक दी है। कर्मचारियों की समस्याओं को सुलझाने और सरकार तक पहुंचाने का वादा कर वह कर्मचारियों को अपने पक्ष में करने की जुगत में लगे हैं। रूप लाल ने बाकायदा अपना पैनल भी घोषित कर दिया है। इसके तहत प्रधान पद के लिए वह स्वयं मैदान में है। महासचिव के ठाकुर दास, वरिष्ठ उपप्रधान के लिए गुरमैल सिंह, उपप्रधान के लिए सीता राम संधू और कोषाध्यक्ष के लिए भाग सिंह को मैदान में उतारा है। उधर, निवर्तमान अध्यक्ष श्रवण सिंह ठाकुर भी चुनावी अखाडे़ में उतरने को तैयार है। वह कहते हैं कि वह प्रधान पद के प्रबल दावेदार है। पहली अगस्त को वह अपना पैनल घोषित करेंगे।

Related posts