
मुल्थान (कांगड़ा)। छोटा भंगाल के दूरदराज क्षेत्र का तरमेहर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र छह माह से नर्स और लैब टेक्नीशियन के सहारे चल रहा है। इस केंद्र से डाक्टर का स्थानांतरण हो चुका है। अब यहां उपचार कराने आने वाले लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
पोलिग पंचायत के प्रधान रूप लाल, जिला परिषद सदस्य रिशी राज, लुआई पंचायत की प्रधान शांता देवी, स्वाड पंचायत प्रधान मदन लाल ने बताया कि यह प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तीन पंचायताें पोलिग, लुआई, स्वाड के 11 गांवों के लोगों के लिए एक मात्र स्वास्थ्य संस्थान है। केंद्र में चिकित्सक न होने से इन दूरदराज के गांवों में सर्दियों के मौसम में बर्फ पड़ी होने के कारण मरीज को पीठ पर उठाकर उपचार के लिए 10 से 12 किलोमीटर बरोट पीएचसी में ले जाना पड़ रहा है।
उधर, छोटा भंगाल क्षेत्र के दूसरे छोर के बज गांव, कोठी कोहड़, धर्माण पंचायतों की एकमात्र धर्माण पीएचसी में डाक्टर न होने के कारण लोगाें को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। यहां पर स्टाफ नर्स को ही दवाइयां देनी पड़ रही हैं। इमरजेंसी में मरीजों को बैजनाथ या फिर जोगिंद्रनगर अस्पताल का रुख करना पड़ रहा है। इससे मरीजों को इलाज के लिए अतिरिक्त पैसा भी खर्च करना पड़ रहा है। छोटा भंगाल क्षेत्र की आठ पंचायतों के दोनों प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में डाक्टरों के स्थानांतरण होने से यह पद खाली हैं। इससे मरीज मुश्किल में हैं।
उधर, बीएमओ बीएम शर्मा ने बताया कि तरमेहर और कोठीकोहड़ पीएचसी में आयुर्वेदिक चिकित्सक तैनात हैं।
जल्द होगी चिकित्सकाें की तैनाती
बैजनाथ विधानसभा क्षेत्र के विधायक किशोरी लाल ने कहा कि डाक्टरों की समस्या का प्राथमिकता से हल निकाला जाएगा। वहीं, सीएमओ डा. डीएस गुरुंग ने बताया कि शीघ्र ही चिकित्सकों की तैनाती की जाएगी।
