स्वर्ण जयंती पर देश-विदेश में कार्यक्रम

शिमला। विश्व हिंदू परिषद के केंद्रीय मंत्री और उत्तर भारत के संगठन प्रभारी महावीर ने कहा कि विहिप वर्ष 2014 को स्वर्ण जयंती के रूप में मनाएगी। देश-विदेश में स्वर्ण जयंती वर्ष के निमित्त कई कार्यक्रम होंगे। वह विहिप के प्रांत कार्यालय संदल चक्कर में प्रांत के प्रमुख कार्यकर्ताओं की बैठक में बोल रहे थे। बैठक की अध्यक्षता प्रांत कार्यकारी अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने की। महावीर ने कहा कि 17 अगस्त को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी से विहिप के स्वर्ण जयंती वर्ष का उद्घाटन कार्यक्रम मुंबई के संदीपनी आश्रम से शुरू होगा। विदेशों में पांच बड़े कार्यक्रमों का आयोजन होगा। प्रदेश में भी प्रत्येक प्रखंड में हिंदू नेता या योद्धा खड़े होंगे। उन नौ लोगाें को अलग-अलग दायित्व दिए जाएंगे, जो हिंदू हित के लिए सब कुछ न्योछावर करने को तैयार रहेंगेे। हिमाचल में भी छह हजार गांवाें में समितियां बनाने का लक्ष्य है। सेवा कार्यों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। एकल विद्यालय को बढ़ाकर दस हजार तक करना, गरीब बच्चों को नि:शुल्क कंप्यूटर शिक्षा, कन्या छात्रावास और मेडिकल शिविरों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। ऐसे कार्यक्रम नवंबर में होंगे। विहिप की अंतरराष्ट्रीय बैठक हिमाचल में 24 वर्षों के बाद जून 2014 में एक बार पुन: हो रही हैै। इससे पहले 1991 में अंतरराष्ट्रीय बैठक शिमला में हुई थी। इस बार यह बैठक 21 से 27 जून तक ज्वालाजी में रहेगी। बैठक में क्षेत्र संयोजिका दुर्गावाहिनी रजनी ठुकराल, प्रांत उपाध्यक्ष अमन पुरी, प्रांत संगठन मंत्री मनोज कुमार, प्रांत मंत्री देव कुमार नेगी, प्रांत सहमंत्री मांचली ठाकुर, प्रांत संयोजक बजरंग दल राजेश शर्मा, प्रांत प्रचार प्रमुख राहुल सोलंकी आदि उपस्थित रहे।

Related posts