
बिलासपुर। कबड्डी के कई नामचीन खिलाड़ी तैयार कर चुके राज्य खेल छात्रावास बिलासपुर को इस खेल के एक अदद प्रशिक्षक की दरकार है। पूर्व में यहां तैनात कबड्डी कोच का तबादला हो चुका है। करीब एक माह बीत जाने के बावजूद उनके स्थान पर अभी तक किसी अन्य प्रशिक्षक ने यहां कार्यभार नहीं संभाला है। ऐसे में कबड्डी खिलाड़ी गुरु के बगैर ही अभ्यास करने पर मजबूर हैं।
राज्य युवा सेवाएं एवं खेल विभाग के बिलासपुर खेल छात्रावास के कई कबड्डी खिलाड़ी न केवल राज्य व राष्ट्रीय, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी दमदार प्रदर्शन से नाम कमा चुके हैं। इनमें मुख्य रूप से रितु नेगी और प्रियंका नेगी जैसी महिला कबड्डी खिलाड़ियों के नाम शामिल हैं। इसके अलावा कई अन्य खिलाड़ी भी सुर्खियां बटोर चुके हैं। विभिन्न स्तरों पर आयोजित प्रतियोगिताओं में वे धाक जमाते रहे हैं।
बिलासपुर खेल छात्रावास से गत जुलाई में कबड्डी समेत कुछ अन्य खेलों के प्रशिक्षकों का एक साथ तबादला हुआ था। बाकी खेलों के प्रशिक्षक यहां कार्यभार संभाल चुके हैं, लेकिन स्थानांतरित हुए कबड्डी कोच के स्थान पर अभी तक किसी भी प्रशिक्षक ने ज्वाइनिंग नहीं दी है। इसके चलते कोच के अभाव में कबड्डी के खिलाड़ियों को स्वयं ही अपना गुरु बनते हुए अभ्यास करना पड़ रहा है।
उधर, इस बारे जिला युवा सेवाएं एवं खेल अधिकारी श्यामलाल कौंडल ने माना कि कबड्डी कोच ने अभी तक कार्यभार नहीं संभाला है। उन्होंने कहा कि इस बारे खेल निदेशालय को पत्र भेजकर अवगत करा दिया गया है। छात्रावास के सीनियर कबड्डी खिलाड़ी काफी अनुभवी हैं। फिलहाल वे स्वयं नियमित रूप से अभ्यास करने के साथ ही अपने जूनियर्स को भी इस खेल की बारीकियां सिखा रहे हैं।
