स्वतंत्रता दिवस पर पुरस्कृत होंगे विशेष खिलाड़ी

बिलासपुर। इस साल की शुरूआत में दक्षिण कोरिया में आयोजित शीतकालीन विशेष ओलंपिक में अपने शानदार प्रदर्शन के बूते कई पदक देश की झोली में डालने वाले विशेष बच्चों को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पुरस्कृत किया जाएगा। बिलासपुर में होने वाले जिला स्तरीय समारोह में पांच बच्चे नकद इनाम के हकदार बनेंगे। बाकी खिलाड़ी अपने-अपने जिले में यह पुरस्कार हासिल करेंगे।
गौरतलब है कि दक्षिण कोरिया के पेइंगच्युंग शहर में गत 29 जनवरी से 5 फरवरी तक आयोजित शीतकालीन विशेष ओलंपिक में भारत के कुल 55 विशेष खिलाड़ियों ने देश का प्रतिनिधित्व किया था, जिनमें से हिमाचल के 13 विशेष खिलाड़ी थे। इनमें से पांच बच्चे बिलासपुर की चेतना संस्था से ताल्लुक रखते हैं, जिन्हाेंने 10 पदक हासिल किए। चेतना संस्था की अनीता ने अल्पाइन स्कीइंग स्पर्धा में एक स्वर्ण व एक कांस्य, पूजा ने एक स्वर्ण व एक रजत तथा विनोद कुमार ने दो कांस्य पदक बटोरे। स्नो बोर्डिंग स्पर्धा में पूजा शर्मा ने एक रजत, जबकि सुनील कुमारी ने तीन कांस्य पदक अर्जित किए।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश व देश का नाम रोशन करने वाले इन विशेष खिलाड़ियों को स्वतंत्रता दिवस समारोह पर राज्य सरकार की ओर से 25-25 हजार रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा। बिलासपुर से ताल्लुक रखने वाले बच्चाें को 15 अगस्त को जिला स्तरीय समारोह के मुख्य अतिथि विधानसभा अध्यक्ष बृज बिहारी लाल बुटेल पुरस्कृत करेंगे। चेतना संस्था की सचिव डा. मल्लिका नड्डा व प्रशासक प्रबंधक अमर सिंह काशव ने इसके लिए प्रदेश सरकार व खेल विभाग का आभार जताते हुए कहा कि ऐसे प्रोत्साहनों से विशेष बच्चाें को समाज के साथ चलने का मौका मिलता है। इससे उन्हें और अधिक बेहतर करने की प्रेरणा भी मिलती है। उन्होंने विश्वास जताया कि भविष्य में भी सरकार विशेष खिलाड़ियों को इसी तरह प्रोत्साहित करती रहेगी।

Related posts