
रिवालसर (मंडी)। रिवालसर से आठ किलोमीटर दूर दुर्गापुर में शुक्रवार रात चोरों ने दुकान में सेंधमारी कर डाली। चोर चांदी के सिक्के तथा नकदी पर हाथ साफ कर गए। यहां वारदात को अंजाम देने में चोरों ने नया तरीका अपनाया। चोर स्लेटपोश छत को उखाड़ कर दुकान में घुसे। शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक चोरों ने दुर्गापुर में स्लेटपोश मकान की छत को उखाड़ कर करियाना दुकान में प्रवेश किया। दुकान में घुसकर चोर नकदी तथा चांदी के सिक्कों को चुरा ले गए। दुकान के मालिक हेमराज के अनुसार शनिवार को जब वह प्रतिदिन की तरह दुकान पर पहुंचे तो दुकान की छत को उखड़ा हुआ पाया। दुकान खोलने पर चोरी का अंदेशा हुआ तो रिवालसर पुलिस को सूचित किया। रिवालसर चौकी से पुलिस ने मौके पर जाकर घटना का जायजा लिया। इधर, रिवालसर चौकी प्रभारी ओम प्रकाश ने पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। शीघ्र ही चोरों को पकड़ लिया जाएगा।
