
मंडी। गलैक्सी युवक मंडल स्योशी की ओर से दियारगी पंचायत में दो दिवसीय कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में चांबी, भड़याल, हटगढ़, दियारगी और पलौहटा सहित आठ टीमों ने भाग लिया। प्रतियोगिता में स्पोर्ट्स क्लब भड़याल की टीम ने ट्राफी पर कब्जा जमाया।, जबकि स्पोर्ट्स क्लब हटगढ़ की टीम उपविजेता रही। प्रतियोगिता में भड़याल की टीम के महेंद्र सिंह को सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी के खिताब से नवाजा गया। प्रतियोगिता के समापन समारोह में युवा कांग्रेस के मंडी संसदीय क्षेत्र के अध्यक्ष संजू डोगरा ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत कर विजेता टीम को पुरस्कृत किया। उन्होंने आयोजक क्लब की ओर से विजेता टीम को ट्राफी और पांच हजार रुपये नकद और उपविजेता टीम को ट्राफी और तीन हजार रुपये नकद राशि प्रदान कर सम्मानित किया। संजू डोगरा ने आयोजक क्लब को अपनी ओर से 21 सौ रुपये की नकद राशि भेंट की। इस अवसर पर आयोजक क्लब के प्रधान खूब राम ठाकुर, महासचिव कृष्ण चंद ठाकुर और संयोजक सुरेश ठाकुर सहित कई गणमान्य लोग मौजूद थे।
