
काजा (लाहौल स्पीति)। लाहौल स्पीति जिले की स्पीति वैली में फिर अंधेरा छा गया। शुक्रवार रात रटंग नाले में आई बाढ़ में इनटेक क्षतिग्रस्त होने से दो मेगावाट के रोंगटोंग प्रोजेक्ट में उत्पादन ठप हो गया। किन्नौर-काजा लाइन टूटने पर स्पीति वैली को इस प्रोजेक्ट से बिजली की आपूर्ति की जा रही थी। इधर, नाले में जलस्तर अभी भी अधिक होने से इनटेक का काम नहीं हो पा रहा है। इससे वैली की एक दर्जन से अधिक पंचायतों के लोगों को अधिक दिनों तक अंधेरे में रहना पड़ सकता है।
बिजली बोर्ड के एसडीओ संजय नेगी ने बताया कि नाले में जलस्तर घटने के बाद ही इनटेक का काम तेजी से किया जा सकेगा। अभी काम तो शुरू कर दिया है, लेकिन नाले में अधिक पानी होने से काम प्रभावित हो रहा है। जब तक इनटेक नहीं बनता तब तक प्रोजेक्ट में उत्पादन करना संभव नहीं है। दो मेगावाट के इस प्रोजेक्ट में इन दिनों 600 किलोवाट बिजली बन रही थी जो स्पीति वैली को आपूर्ति की जा रही थी, मगर उत्पादन ठप होने पर वैली में अंधेरा छा गया है। स्पीति वैली के लिए किन्नौर से काजा बिजली की लाइन पहले ही टूटी हुई है। 16 और 17 जून को भारी बारिश होने पर यह लाइन जगह-जगह से टूट गई थी। इसके बाद इसको जोड़ा नहीं जा सका है। स्पीति वैली के लोगों ने विद्युत बोर्ड से किन्नौर-काजा लाइन को जल्द जोड़ने की मांग की है।
