
जुखाला (बिलासपुर)। अराजपत्रित कर्मचारी संघ की जुखाला खंड इकाई में नए मुखिया के चयन को लेकर इंतजार की घड़ियां आगे खिसक गई हैं। जुखाला इकाई के चुनाव सोमवार को रखे गए थे। कोरम पूरा न होने के कारण इन्हें स्थगित करना पड़ा। चुनाव के लिए अब 14 अगस्त को होंगे।
अराजपत्रित कर्मचारी संघ की जुखाला इकाई के चुनाव के लिए पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सोमवार को बैठक का आयोजन किया गया। तदर्थ समिति के जिला अध्यक्ष चेतराम वर्मा की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में सर्वप्रथम परसराम कौंडल के पिता के निधन पर शोक प्रकट करते हुए दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई। जुखाला ब्लाक में कर्मचारियों की संख्या लगभग 1200 है। सोमवार को उनमें से महज करीब 150 कर्मचारी ही चुनावी बैठक में पहुंचे। ऐसे में कोरम पूरा न होने के कारण चुनाव स्थगित कर दिए गए।
चेतराम वर्मा ने कहा कि जुखाला इकाई के चुनाव अब 14 अगस्त को कराए जाएंगे। उन्होंने कर्मचारियों से बढ़चढ़ कर इस बैठक में अपनी उपस्थिति सुनिश्चित करने का आह्वान किया। बेहतर कार्यकारिणी का गठन किया जा सके। जुखाला ब्लाक के निवर्तमान अध्यक्ष परसराम ने उम्मीद जताई कि बिलासपुर जिले के कर्मचारी नेताओं द्वारा पेश की गई एकजुटता की मिसाल कायम रहेगी। जुखाला समेत अन्य ब्लाकों के बाद जिला इकाई के चुनाव भी सर्वसम्मति से संपन्न होंगे। इस मौके पर अनिल चड्डा, अशोक गौतम, चांद कुमार, कर्म सिंह चंदेल व कृपाल मराठा समेत कई अन्य कर्मचारी मौजूद थे।
