
सुंदरनगर (मंडी)। हिमाचल प्रदेश क्रीडा संघ की ओर से सुंदरनगर खंड-1 की प्राथमिक पाठशालाओं की 18वीं खेलकूद प्रतियोगिता पुराना बाजार सुंदरनगर में आरंभ की गई। शुभारंभ मुख्य संसदीय सचिव सोहन लाल ठाकुर ने किया । प्रतियोगिता में 101 प्राथमिक स्कूलों के लगभग 400 स्कूली खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। सोहन लाल ठाकुर ने बताया कि प्रदेश सरकार ने चालू वित्त वर्ष के दौरान प्रदेश में शिक्षा गतिविधियों पर 3836 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। इसी सत्र से पौड़ाकोठी तथा कमांद के स्कूलों को स्तरोन्नत कर इन्हें सीनियर सेकेंडरी कर दिया गया है। जबकि निकट भविष्य में कपाही, कलौहड, खिलड़ा तथा धारंडा को वरिष्ठ माध्यमिक तथा बीणा को उच्च विद्यालय का दर्जा प्रदान करने के प्रयास किए जाएंगे। सुंदरनगर नगर परिषद क्षेत्र में स्ट्रीट लाइटें लगाने के लिए 45 लाख उपलब्ध करवाए जाएंगे। इसके अतिरिक्त नगर परिषद क्षेत्र को और विकसित करने के लिए 54 करोड़ की डीपीआर स्वीकृति के लिए भेजी है। सोहन लाल ठाकुर ने खेल आयोजन समिति को 11 हजार देने की घोषणा की। उन्होंने पुराना बाजार प्राथमिक स्कूल के स्टेज निर्माण के लिए डेढ़ लाख, संपर्क मार्ग चांगर के लिए डेढ़ लाख देने का ऐलान किया। प्राइमरी टीचर फेडरेशन के अध्यक्ष राम सिंह राव ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया। नगर परिषद के उपाध्यक्ष नरेश सेन ने परिषद की समस्याओं से अवगत करवाया। इस मौके पर जिला कांग्रेस महासचिव निक्कू राम सैणी, ब्लॉक कांग्रेस के अध्यक्ष हेमंत राज शर्मा, महासचिव अजय, सुंदरनगर महिला कांग्रेस की अध्यक्ष मधुबती, जिला परिषद सदस्य संत राम, प्राइमरी टीचर फेडरेशन के उपाध्यक्ष धर्म देव शर्मा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
