स्ट्रीट लाइटें खराब, खुले में बह रहा सीवरेज

कोटखाई। नगर पंचायत कोटखाई के वार्ड नंबर दो अभी भी मूलभूत सुविधाएं नहीं हैं। हालत यह है कि लोगों के घरों में बने शौचालयों की गंदगी सड़क पर बह रही है। सड़क किनारे पसरी गंदगी की बदबू ये लोगों को यहां से गुजरना मुश्किल हो रहा है। वहीं, वार्ड की स्ट्रीट लाइटें खराब होने के कारण शाम ढलते ही अंधेरा छा जाता है।
वहीं, वार्ड में सफाई व्यवस्था भी चरमराई गई है। पूरे वार्ड में कचरे को ठिकाने लगाने के लिए कोई कूड़ादान नहीं है। इस वार्ड एक भी शौचालय नहीं है। अस्पताल के बाहर बना शौचालय बंद पड़ा हुआ है। पूरे वार्ड में एक भी लाइट नहीं जलती है। इस कारण रात के समय लोगों को परेशानी होती है। वार्ड में समस्याओं को लेकर लोगों में रोष है। वार्ड की समस्याओं को लोग कई बार
नगर पंचायत के प्रतिनिधियों के सामने उठा चुके हैं, लेकिन अभी तक समस्या जस की तस है। सड़कें गंदगी और कीचड़ से अटी पड़ी हैं। सड़कों की हालत खराब होने के कारण यहां वाहन चलाना तो दूर पैदल चलना भी मुश्किल है। इसके अलावा सड़कों के किनारे लगे रेत और बजरी के ढेर यातायात जाम का कारण बन रहे हैं।
इस संबंध में नगर पंचायत के वार्ड नंबर दो से निर्दलीय सदस्य शारदा शर्मा का कहना है लोगों की समस्याओं के समाधान की कोशिश की जा रही है। उन्होंने भी माना की वार्ड में कई समस्याएं हैं।

Related posts