
नालागढ़ (सोलन)। नालागढ़ उपमंडल के नवांग्राम स्थित एक स्टोन क्रशर से एक प्रवासी का शव बरामद किया गया है। मृतक रविवार को ही यहां आया था। इसके अन्य साथी यहां काम करते हैं। पुलिस का प्रथम दृष्टया में मानना है कि काम करते समय यह स्टोन क्रशर की चपेट में आ गया, कारण है कि इसके शरीर के आगे के हिस्से पर बहुत अधिक चोटें हैं। पुलिस ने जिस समय शव को कब्जे में लिया, उसे क्रशर से दूर फेंका हुआ था। जिस पर साक्ष्य मिटाने और लापरवाही के चलते केस दर्ज किया गया है।
जानकारी के मुताबिक नालागढ़ पुलिस को सूचना मिली कि उपमंडल के नवांग्राम स्थित एक स्टोन क्रशर के पास एक प्रवासी का शव पड़ा हुआ है। सुबह करीब 7:30 बजे की इस घटना की पुलिस को काफी देर बाद जानकारी दी गई। सूचना मिलते ही डीएसपी नालागढ़ निश्चिंत नेगी, एसएचओ नालागढ़ चमन लाल के नेतृत्व वाली टीम मौके पर पहुंची और स्टोन क्रशर के अन्य लोगों से पूछताछ की तो मृतक की पहचान शांभी मंडल (48) पुत्र सूरज मंडल, निवासी गांव बटराहा, तहसील पूरनिया, बिहार के रूप में हुई है। एसएचओ नालागढ़ चमन लाल ने कहा कि मृतक के पेट, बाजू, टांगों आदि में गंभीर चोटें आई हैं, जिससे प्रतीत होता है कि यह स्टोन क्रशर की चपेट में आ गया हो सकता है। डीएसपी नालागढ़ निश्चिंत नेगी ने कहा कि पुलिस ने स्टोर क्रशर धारक के खिलाफ धारा 304ए व 201 के तहत मामला दर्ज कर मृतक का पोस्टमार्टम करवा लिया है। स्टोन क्रशर प्रभावशाली व्यक्ति का है और मामले के हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है और मृतक की मौत के असली कारणों का पता लगाया जा रहा है।
