
करसोग (मंडी)। उपमंडल करसोग के नथान में प्रस्तावित स्टोन क्रशर को लेकर लोग लामबंद हो गए हैं। सोमवार को नांज, ममला, तुंदल, कमांद, दटेहा, चौवा, पारो सेरी, गुज्जर, बल्ह, राहूटी और चनोटा के करीब एक दर्जन गांवों के लोग ने स्टोन क्रशर का विरोध किया। लोगों ने नथान में स्टोन क्रशर लगाने के विरोध में उपमंडल अधिकारी विवेक चौहान को ज्ञापन सौंपा।
जिला परिषद सदस्य श्याम सिंह चौहान, पंकज कुमार, मनोज कुमार, ओम प्रकाश, नांज पंचायत प्रधान संतोष कुमार, उपप्रधान रूप लाल शर्मा, समाजसेवी नेकराम शर्मा, युवक मंडल प्रधान तजेंद्र शर्मा, गंगा सिंह, हितेंद्र और प्रमोद ने कहा कि जहां स्टोन क्रशर लगाया जा रहा है वहां से सीनियर सेकेंडरी स्कूल महज चार सौ मीटर की दूरी पर है। स्टोन क्रशर से एक ओर जहां धूल और वायु में प्रदूषण की मात्रा बढ़ रही है वहीं बच्चों में विभिन्न रोगाें का खतरा भी मंडरा रहा है। शोरगुल से बच्चों का स्कूल में पढ़ना तक मुश्किल हो जाएगा। इसके अतिरिक्त स्टोन क्रशर से अन्य कई समस्याएं भी लोगाें के लिए खड़ी होंगी। लोगाें ने पर्यावरण और जन जीवन पर पड़ रहे प्रतिकूल प्रभाव को देखते हुए सरकार और प्रशासन से मांग की कि स्टोन क्रशर को लगाने की अनुमति प्रदान न की जाए।
