स्टोक्स ने पूर्व सरकार पर जमकर साधे निशाने

ठियोग (शिमला)। आईपीएच एवं बागवानी मंत्री विद्या स्टोक्स ने कहा कि ठियोग में वर्षों से लंबित पेयजल योजना, बाजार में सीवरेज योजना सहित अन्य कई मुद्दों पर सरकार गहनता से विचार कर रही है। उन्होंने कहा कि जल्द सभी योजनाओं को शुरू किया जाएगा। इसके साथ ही ठियोग बस अड्डे, बाईपास और सिविल अस्पताल को लेकर भी मंत्री ने पूर्व सरकार पर जमकर निशाने साधे। इस अवसर पर आईपीएच मंत्री ने कहा कि पूर्व सरकार तथा उनके नुमाइंदों ने ठियोग में विकास के नाम पर मात्र कोरे आश्वासन ही दिए हैं। करीब आठ वर्ष पहले ठियोग बाजार में बिछी सीवरेज की लाइन तक को भी शुरू न करना शर्म की बात है। उन्होंने जनता की हर परेशानी को दूर करने वाली कांग्रेस की सरकार कहते हुए ठियोग में विकास को आसमान की ऊंचाइयों में ले जाने का दावा भी किया।
ठियोग में शुक्रवार को बागवानी मंत्री का जोरदार स्वागत किया गया। कांग्रेस पार्टी की इस बैठक में बागवानी मंत्री को फूल मालाओं से लाद दिया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ढोल नगाड़ों के साथ स्टोक्स का जोरदार स्वागत किया। इस अवसर पर दोपहर के भोज का प्रबंध भी किया गया था। इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष कैप्टन नत्थू राम, पीसीसी के विजय पाल खाची, राजेंद्र वर्मा, नप उपाध्यक्ष विवेक थापर, शहरी अध्यक्ष संजय शर्मा, मनोनीत पार्षद कल्पना कंवर, कमला शर्मा, इंटक प्रदेश महामंत्री कृष्ण कंवर, कांग्रेस व्यापार सेल के अध्यक्ष कपिल शर्मा, सुधीर बहक, वीना ठाकुर, शंाता राज्टा, युवा कांग्रेसी राठौर जोगेंद्र सिंह के अलावा पुलिस विभाग के डीएसपी सागर चंद्र शर्मा, एसएचओ बलदेव ठाकुर, बिजली बोर्ड के एसडीओ अजय कुमार, सीडीपीओ विद्या चौहान के अलावा सैकड़ों लोगों ने उपस्थिति दर्ज करवाई।

Related posts