स्टेशन में प्राइवेट लेबर कर रही कुली का काम

रुड़की। रेलवे स्टेशन पर अनाधिकृत रूप से बाहर की लेबर कुली का काम करती नजर आती है। किसी को शक न हो इसके लिए ये लोग काम के दौरान कुलियों की तरह लाल रंग की ड्रेस पहने रहते हैं। प्राइवेट लेबर यात्रियों से मुंह मांगे दाम वसूलती है। रेलवे को इसकी जानकारी होने के बाद भी कार्रवाई नहीं की जाती।
नियम के अनुसार स्टेशन में रेलवे द्वारा अधिकृत कुली ही सामान ढो सकते हैं। अधिकृत कुली के पास रेलवे द्वारा जारी बिल्ला होता है। बिल्ले में नंबर अंकित होता है। साथ ही कुली की सारी जानकारी आरपीएफ और रेल अधिकारियों के पास दर्ज होती है। सामान ढोते वक्त यात्री कुली का बिल्ला नंबर ले लेते हैं।
लेकिन रुड़की स्टेशन में अलग ही नजारा है। स्टेशन में यात्रियों की सुरक्षा से खुलेआम खिलवाड़ किया जा रहा है। स्टेशन के प्लेटफार्मों में आठ से 10 प्राइवेट लेबर कुली का काम कर रहे हैं। ये बिल्लाधारी कुली की तरह ही लाल रंग के कपड़े पहने रहते हैं। लेकिन इनके पास बिल्ला नहीं है। अनाधिकृत कुली सामना ढोने के नाम पर यात्रियों से मुंह मांगे पैसे वसूल रहे हैं।

आजकल चेकिंग में व्यस्त हूं। इस संबंध में तत्काल जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
– बीआर आर्या, सीआईटी

यदि अनाधिकृत रूप से प्राइवेट लेबर कुली काम कर रही है, तो कार्रवाई की जाएगी। संबंधित थाने को इस संबंध में निर्देश दिए जाएंगे।
– जितेंद्र कुमार, आरपीएफ थाना प्रभारी

Related posts