
लोहाघाट। जवाहर पार्क में आयोजित जूनियर स्पोर्ट्स क्लब फुटबॉल प्रतियोगिता के एकतरफा मुकाबले में स्टेशन इलेवन ने गोर्खानगर स्पोर्ट्स क्लब को 5-1 गोल से पराजित कर ट्राफी में कब्जा कर लिया। मुख्य अतिथि महेंद्र करायत ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर मैदान में उच्च खेल का प्रदर्शन करने को कहा। उन्होंने अपनी ओर से आयोजन समिति को एक हजार रुपये की नकद सहायता दी।
मैच शुरू होते ही स्टेशन क्लब ने गोर्खानगर पर दबाव बनाना शुरू कर दिया। स्टेशन की ओर से प्रियांशु मुरारी ने दो गोल, विनय ढेक, तरुन चतुर्वेदी तथा जीवन कौशल ने एक-एक गोल किया, जबकि गोर्खानगर की ओर से टूरी एक गोल करने में सफल रहे।
निर्णायक अतुल ढेक और लाइनमैन साहिल थे। तरुन चतुर्वेदी को बेस्ट प्लेयर ऑफ टूर्नामेंट के खिताब से नवाजा गया। उन्होंने पूरी प्रतियोगिता में 19 गोल मारे। आयोजन समिति द्वारा विजेता टीम को 1100 रुपये के साथ ट्राफी और उप विजेता को ट्राफी, नकद पुरस्कार दिया गया। आयोजन समिति की ओर से जीवन, प्रियांशु तथा अतुल ने अतिथियों और खिलाड़ियों का स्वागत किया।
