
कोटखाई। भाजयुमो ने कोटखाई के गुम्मा में करीब तीन घंटे तक मुख्य सड़क पर चक्का जाम किया। सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। भाजपा कार्यकर्त्ताओं ने विधायक रोहित ठाकुर से मांग की है कि गुम्मा स्टेडियम पर अपनी स्थिति स्पष्ट करे या पद से इस्तीफा दें। आंदोलन में पूर्व बागवानी मंत्री एवं भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष नरेंद्र बरागटा विशेषतौर पर उपस्थित रहे। विरोध-प्रदर्शन के दौरान गुम्मा बाजार भी बंद रहा।
भाजपा नेताओं ने सरकार से स्पष्टीकरण मांगा है कि रात के अंधेरे में गुम्मा स्टेडियम का निर्माण कार्य बंद करना अलोकतांत्रिक तरीका है। स्टेडियम का निर्माण भाजपा-कांग्रेस के लिए नहीं जुब्बल-कोटखाई क्षेत्र के युवाओं के लिए किया जा रहा है। आरोप लगाया कि स्टेडियम को कब्जे में लेना कांग्रेस सरकार की राजनीतिक प्रतिशोध की भावना को दर्शाता है। विधायक इस मामले में जनता के सामने स्थिति स्पष्ट करें या फिर पद से इस्तीफा दें। कहा कि चुनाव में युवा हितैषी कहने वाले आज युवा विरोधी कदम का समर्थन कर रहे हैं। आरोप लगाया कि जुब्बल कोटखाई में विकास कार्यों को बंद करने के अलावा कांग्रेस सरकार ने कोई काम नहीं किया है। विरोध प्रदर्शन में युवा मोर्चा के साथ स्थानीय पंचायत प्रधान सुनील चौहान, व्यापार मंडल गुम्मा के प्रधान मदन चौहान, भाजपा मंडल महामंत्री गोपाल जबैक, उपाध्यक्ष चेत राम, प्रताप चौहान, वरिष्ठ भाजपा नेता यशवीर जस्टा, महासू जिला उपाध्यक्ष रविंदर चौहान, युवा मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष अरुण फाल्टा, भाजयुमो मंडल अध्यक्ष अशोक जस्टा, सनी गागटा, हिमरी पंचयत प्रधान राजीव मेहता, रत्नाडी पंचायत प्रधान ज्ञान ठाकुर, राजीव मेहता, सुनील चौहान, निशा चौहान, भाजपा मंडल कोषाध्यक्ष सुंदर डोगरा आदि शामिल थे।
