
श्रीनगर। गढ़वाल विवि के चौरास स्टेडियम के क्षतिग्रस्त होने से सभी खेल गतिविधियाें पर ब्रेक लग गया है। आपदा की चपेट में आए स्टेडियम का बड़ा हिस्सा अलकनंदा में समा चुका है, लेकिन ट्रीटमेंट नहीं होने से कटाव बढ़ गया है। ऐसे में विवि के बीपीएड छात्र, खिलाड़ी प्रशासनिक भवन के आंगन में अभ्यास कर रहे हैं।
आपदा के बाद गढ़वाल विवि के चौरास स्टेडियम का बड़ा हिस्सा अलकनंदा में समा चुका है। एकमात्र स्टेडियम के बंद होने से विवि की खेल गतिविधियां लगभग ठप हो गई हैं। ऐसे में खिलाड़ी और बीपीएड छात्र महज 90 गुणा 50 मीटर के मैदान में एक ही समय में फुटबाल, हॉकी, वालीबाल आदि का अभ्यास कर रहे हैं।
शारीरिक शिक्षा विभाग के डा. मुकुल पंत के अनुसार विवि का चौरास स्टेडियम खेल गतिविधियों के लिए बंद होने के कारण दिक्कत आ रही है। सहायक अभियंता एमके डोभाल के अनुसार विवि शासन-प्रशासन से कई बार गुहार लगा चुका है, लेकिन कभी ग्रामीणों के विरोध और कभी भारी मशीनों के नहीं मिलने से दिक्कत हो रही है।
