स्टिंग ऑपरेशन: …तो सदन में जूते खाएगा केजरीवाल: कांग्रेसी विधायक

स्टिंग ऑपरेशन: …तो सदन में जूते खाएगा केजरीवाल: कांग्रेसी विधायक

नई दिल्ली: भ्रष्टाचार के विरोध में अन्ना हजारे द्वारा शुरू किये गये आंदोलन से अलग होकर करीब एक साल पहले अपना राजनीतिक दल बनाने वाले अरविंद केजरीवाल आज दिल्ली के मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ लेने जा रहे हैं। भारतीय राजस्व सेवा छोड़कर आरटीआई कार्यकर्ता और बाद में जन लोकपाल के लिए आंदोलन में जुड़कर खबरों में आने वाले मैग्सायसाय पुरस्कार विजेता 45 वर्षीय केजरीवाल अपने मंत्रिमंडल के छह सहयोगियों के साथ ऐतिहासिक रामलीला मैदान में आयोजित समारोह में दिल्ली के अब तक के सबसे युवा मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ लेंगे।

एक के बाद एक स्टिंग ऑपरेशन में हो रहे खुलासों ने आम आदमी पार्टी के साथ दिल्ली की जनता को भी असमंजस में डाल दिया है। हाल ही में एक और ताजा स्टिंग ऑपरेशन सामने आया है। जिसमें खुलासा किया गया है कि कांग्रेस के विधायक ‘आप’ के खिलाफ अपशब्दों का प्रयोग कर रहे है।

ज़ी-न्यूज के स्टिंग ऑपरेशन में कांग्रेस के पांच विधायकों ने केजरीवाल की पार्टी के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया। निजी चैनल के ‘स्टिंग ऑपरेशन’ में सुल्तानपुर माजरा के कांग्रेसी विधायक जय किशन ने केजरीवाल के लिए भी काफी आपित्तजनक शब्दों का इस्तेमाल किया है। कांग्रेसी विधायक जयकिशन ने दिल्ली के मनोनित मुख्यमंत्री के लिए बेहद भद्दी भाषा का इस्तेमाल करने से भी परहेज नहीं किया। जयकिशन ने कहा है कि दिल्ली में बंदर के हाथ में माचिस थमा दी गई है। जयकिशन इतने पर ही नहीं माने। उन्होंने यहां तक कह डाला कि केजरीवाल के बाप का राज थोड़े है कि विधानसभा में वह अपना कानून चलाएगा। ऐसा करेगा तो सदन में जूते खाएगा। हम तो साल दो साल तक केजरीवाल को समर्थन देने के लिए तैयार हैं।

वहीं, ओखला से कांग्रेसी विधायक मोहम्मद आसिफ ने कहा है कि केजरीवाल ने मुंगेरीलाल के हसीन सपने दिखाए  हैं। आसिफ ने कहा कि दरअसल केजरीवाल को सिस्टम का पता नहीं है और सरकार चलाने की बात कर रहे हैं।

मुस्तफाबाद से कांग्रेस विधायक हसन अहमद ने तो साफ-साफ कह दिया के जिस दिन विधायक फंड खत्म, समझो उसी दिन केजरीवाल खत्म। हसन अहमद ने ये भी कहा है कि अरविंद केजरीवाल को राजनीति की ट्रेनिंग लेनी होगी। वो आयकर विभाग में कमिश्नर थे। लेकिन अब उन्हें ब्यूरोक्रेसी से ऊपर उठना चाहिए। हम तो मजबूरी में केजरीवाल को समर्थन दे रहे हैं।

बादली से कांग्रेस विधायक देवेंद्र यादव ने स्टिंग में साफ कर दिया कि अरविंद केजरीवाल की सरकार किसी सूरत में अपना कार्यकाल पूरा नहीं कर पाएगी। जनता को सपने दिखाना कोई अच्छी बात नहीं है सीलमपुर के विधायक चौधरी मतीन अहमद कहते हैं कि आम आदमी पार्टी को समर्थन देकर हम गालियां जरूर खा रहे हैं, लेकिन मजा पूरा आएगा।

Related posts