
शिमला। स्क्रब टायफस की चपेट में आकर बीमार पड़ने वाले लोगों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। शनिवार को 28 नए मरीजों में स्क्रब टायफस पाया गया है। रोग की चपेट में आने वाले मरीजों का एक सप्ताह के भीतर आंकड़ा सौ से अधिक हो गया है। एक सप्ताह में चार मरीजों की मौत भी हो चुकी है।
आईजीएमसी अस्पताल में स्क्रब टायफस के मरीजों का आंकड़ा शनिवार को चार सौ तक पहुंच गया है। शिमला के चौपाल, ठियोग के अलावा बिलासपुर, हमीरपुर, सोलन, जिलों से भी मरीज उपचार के लिए शिमला आ रहे हैं। वरिष्ठ चिकित्सा अधीक्षक डा. रमेश ने 28 नए मरीजों में स्क्रब टायफस की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि सभी संदिग्ध मरीजों के टेस्ट लिए जा रहे हैं। टेस्ट में स्क्रब टायफस के लक्षण पाए जाने के बाद मरीज का तत्काल उपचार किया जा रहा है।
