स्कूल मुखियों पर कार्रवाई की तैयारी

बिलासपुर। सरकारी स्कूलों के प्रधानाचार्यों, मुख्याध्यापकों पर विभागीय गाज गिरना लगभग तय ही हो गया है। परीक्षा परिणाम रिपोर्ट जमा न करवाने की एवज में कई स्कूल प्रधानाचार्यों और मुख्याध्यापकों को अब विभागीय कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा। जिन स्कूल मुखियों ने निर्धारित अवधि के भीतर अपने स्कूल की रिपोर्ट जमा नहीं करवाई है। उन स्कूलों की सूची तैयार कर सोमवार को शिक्षा निदेशालय भेजी जाएगी।
शिक्षा निदेशालय की ओर से स्कूल मुखियों से नौवीं तथा 11वीं कक्षा के परीक्षा परिणाम की रिपोर्ट मांगी थी। इसके लिए मुखियों को निर्देश जारी कर सूचित भी किया गया था। अधिकतर मुखियों ने विभागीय निर्देशों का पालन करना उचित नहीं समझा। केवल चार-पांच स्कूलों में अपने स्कूल रिपोर्ट जमा करवाई है। शेष स्कूल अभी भी अपनी रिपोर्ट जमा नहीं करवा पाए हैं। इसके चलते अब इन स्कूलों की सूची बनाकर निदेशालय भेजी जाएगी। इसके बाद स्कूल मुखियों से जवाब तलब किया जाएगा। गौरतलब है कि परीक्षा परिणाम की रिपोर्ट को लेकर सभी स्कूल प्रधानाचार्यों तथा मुख्याध्यापकों को बिलासपुर में हुई बैठक के दौरान भी शिक्षा निदेशक दिनकर बुराथोकी ने निर्देश दिए थे। इसके बावजूद भी स्कूल मुखियों ने इसे आवश्यक नहीं समझा। अब इन स्कूल मुखियों को कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा। उच्च शिक्षा उप निदेशक वीर सिंह नेगी ने कहा कि परीक्षा परिणाम रिपोर्ट जमा करवाने के लिए सभी स्कूल मुखियों को अवगत करवाया गया था। कुछ एक स्कूलों की ही रिपोर्ट अभी तक मिली है। जिन स्कूलों की रिपोर्ट विभाग के पास नहीं पहुंची है। उनकी सूची तैयार कर सोमवार को शिक्षा निदेशालय भेजी जाएगी।

Related posts