स्कूल नहीं आने वाले विद्यार्थियों के होंगे ऑनलाइन यूनिट टेस्ट

स्कूल नहीं आने वाले विद्यार्थियों के होंगे ऑनलाइन यूनिट टेस्ट

शिमला: एक और 15 फरवरी से स्कूल खुलने के बाद भी अगर दसवी और बारहवीं कक्षा के विद्यार्थी स्कूल नहीं आते हैं तो इनके ऑनलाइन यूनिट टेस्ट होंगे। उच्च शिक्षा निदेशालय ने छह जनवरी को मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के साथ हुए विद्यार्थियों के संवाद में मिले सुझावों को लेकर निर्देश जारी कर दिए हैं।

फैसला लिया गया है कि मार्च में प्रस्तावित प्री बोर्ड परीक्षाओं से पहले दोनों कक्षाओं के विद्यार्थियों के ऑनलाइन और ऑफलाइन यूनिट टेस्ट लिए जाएंगे। प्री बोर्ड परीक्षा में कम लेने वाले विद्यार्थियों की अप्रैल में एक्सट्रा क्लासिज लगाई जाएगी।

बुधवार को उच्च शिक्षा निदेशक की ओर से स्कूल प्रिंसिपलों को जारी पत्र में कहा गया है कि हर सप्ताह ऑनलाइन यूनिट टेस्ट लेने की व्यवस्था की जाए। जो विद्यार्थी स्कूल नहीं आएंगे, उनके यूनिट टेस्ट व्हाट्सएप के माध्यम से लिए जाएं। जो विद्यार्थी स्कूल आएंगे, उनके टेस्ट कक्षा में लिए जाएं।

इसके अलावा स्कूल खुलने पर अप्रैल 2020 में पढ़ाए गए सिलेबस की रिवीजन शुरू करने को भी कहा है। विद्यार्थियों को पूरा सिलेबस पढ़ाने के निर्देश भी दिए गए हैं। विद्यार्थियों की पढ़ाई से संबंधित शंकाओं को दूर करने के लिए विशेष सत्र करने के निर्देश भी दिए हैं। जिला उपनिदेशकों को इन सभी फैसलों का पालन सुनिश्चित करने की जिम्मेवारी सौंपी गई है।

Related posts