
शिमला।(वी डी शर्मा) पांच मार्च तक स्कूल बंद होने की घोषणा के बाद भी कई स्कूलों में सोमवार को छात्र और छात्राएं पहुंची। निजी तथा सरकारी स्कूलों में पूर्व निर्धारित प्रैक्टिकल भी हुए। हालांकि, अवकाश घोषित होने के चलते कुछ छात्र परीक्षा नहीं दे सके। अभिभावकों में भी असमंजस रहा। राजधानी के स्कूलों में जो भी छात्र स्कूल पहुंचे। उनमें छोटे बच्चों को घर भेज दिया गया। जमा एक की प्रैक्टिकल परीक्षाएं हुईं। मंगलवार और बुधवार को स्कूल खुलेंगे या नहीं इसको लेकर असमंजस बरकरार है।
उपायुक्त की ओर से दिए गए निर्देशों में पूर्व निर्धारित परीक्षाओं को लेकर अलग से कोई आदेश नहीं थे। गर्ल्स स्कूल पोर्टमोर सहित राजधानी के दूसरे स्कूलों में छात्र प्रैक्टिकल देने पहुंचे। कुछ छात्र अवकाश मान कर नहीं आए। इसलिए अधिकतर स्कूलों ने प्रैक्टिकल परीक्षाएं जारी रखने का फैसला लिया है। प्रधानाचार्य निशा भलूनी और लालपानी स्कूल प्रधानाचार्य संजय मेहता कहा कि मंगलवार और बुधवार को जमा एक की प्रैक्टिकल परीक्षा पहले की तरह से होंगी, मगर स्कूल में कक्षाएं नहीं चलेंगी। उधर, छोटा शिमला सहित कई स्कूलों में इसी तरह की परेशानी हुई। विभाग की ओर से इस संदर्भ में कोई आदेश स्कूलों को नहीं मिले हैं।
—
स्कूल शिक्षा बोर्ड की परीक्षा के लिए अवकाश घोषित किए जाने के कारण परीक्षा ड्यूटी के लिए दूसरे स्कूलों में जाने वाले शिक्षक रिलीव नहीं हो सके हैं। नियम के अनुसार बोर्ड परीक्षा ड्यूटी के लिए शिक्षकों को 24 घंटे पहले केंद्र में ज्वाइन करना होता है। इससे कहीं न कहीं प्रश्न पत्रों की सप्लाई सहित अन्य इंतजाम भी प्रभावित हुए है।
—
कार्यवाहक उप शिक्षा निदेशक (उच्च) कृष्ण लाल चौहान ने माना कि आदेशों में परीक्षा को लेकर स्थिति साफ न होने के कारण परेशानी हुई। स्कूलों में जमा एक के पूर्व निर्धारित प्रैक्टिकल पहले की तरह ही अगले दो रोज होंगे। कक्षाएं नहीं लगेंगी, जो भी छात्र सोमवार को परीक्षा नहीं दे पाए हैं, उनके लिए अलग से स्कूल स्तर पर तिथि तय की जाएगी। पांच से होने वाली बोर्ड परीक्षाओं में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
