
श्रीनगर। आयरिश पब्लिक स्कूल खुलवाने को लेकर अभिभावक आमने-सामने आ गए हैं। एक पक्ष सुरक्षा के पुख्ता इंतजामों के बिना बरसात में स्कूल खोलने के पक्ष में नहीं है, तो दूसरा पक्ष पढ़ाई जल्द सुचारु करवाना चाहता है। नदी के करीब बने इस स्कूल को प्रशासन ने सुरक्षा की दृष्टि से फिलहाल कहीं और शिफ्ट करने के निर्देश दिए हैं।
बृहस्पतिवार को अभिभावक एसडीएम से मिलने तहसील परिसर पहुंचे और उन्हें ज्ञापन सौंपा। उनकी मांग थी कि बच्चों के भविष्य को देखते हुए आयरिश पब्लिक स्कूल जल्द खुलवाकर पढ़ाई सुचारु की जाए। सरस्वती बोरा, बीना देवी, कुसुम भट्ट, रेखा कठैत, कैलाश चंद्र और दीपक शुक्ला आदि ने कहा कि स्कूल प्रबंधन परिसर के दूसरे भवन में कक्षाएं चलाने को तैयार हैं। इसलिए बच्चों की सुरक्षा को लेकर कोई परेशानी नहीं है। साथ ही स्कूल प्रबंधन ने भरोसा दिलाया है कि बारिश के दिन छुट्टी घोषित की जाएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग बेवजह मामले को तूल दे रहे हैं।
दूसरी ओर बंदी का समर्थन करने वाले अभिभावकों का कहना है कि जब तक सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं किए जाते स्कूल नहीं खुलने दिया जाएगा। मनोज जोशी ने कहा कि बारिश में अलकनंदा का जलस्तर स्कूल के मैदान तक पहुंच रहा है। स्कूल खुलने के बाद जलस्तर बढ़ा तो भगदड़ के कारण हालात और बिगड़ सकते हैं। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा जर्जर भवन में स्कूल का संचालन किसी हाल में नहीं होने दिया जाएगा।
कोट–
स्कूल को बंद रखने को नहीं कहा गया है। नदी से नजदीकी और बाढ़ से जर्जर हुए भवन को देखते हुए लोनिवि को निरीक्षण के निर्देश दिए गए थे। विभाग की निरीक्षण रिपोर्ट के बाद स्कूल को सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट करने के निर्देश दे दिए गए हैं। – रजा अब्बास, एसडीएम श्रीनगर।
