स्कूल की दीवार गिरी, दो बच्चे घायल

मुल्थान (कांगड़ा)। छोटा भंगाल क्षेत्र की मुल्थान तहसील के अंतर्गत दूरदराज पंचायत स्वाड के प्राथमिक पाठशाला छेरना में चहारदीवारी और गेट के गिरने से दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घायल बच्चों को स्थानीय पीएचसी में इलाज के लिए लाया गया, जहां से उनकी हालत में सुधार न होने के कारण उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल मंडी रेफर कर दिया है। स्कूल में हादसा मंगलवार सुबह साढ़े नौ बजे के करीब हुआ।
बताया जा रहा है कि बच्चे स्कूल में बाउंड्री वॉल के पास खेल रहे थे। इसी दौरान बच्चों पर दीवार का मलबा गिर गया। इससे दोनाें बच्चे मलबे में दब गए। जानकारी के अनुसार छात्रा शालू देवी पुत्री जय लाल पांचवीं कक्षा में और अंकुश पुत्र जय लाल चौथी कक्षा में पढ़ाई कर रहे हैं। जैसे ही यह हादसा हुआ, स्कूल के साथ रहने वाले ज्ञान चंद ने गांववालाे को सूचित किया और बच्चा को मलबे से बाहर निकाला। इस दौरान घायलों को पीएचसी पहुंचाया गया। सूत्रों के अनुसार स्कूल में जब यह हादसा हुआ तो उस समय अध्यापक स्कूल नहीं पहुंचे थे। चूंकि स्कूल खुलने का समय सुबह दस बजे है। इस दौरान बच्चे चहारदीवारी के पास खेल रहे थे। घायलाें को पीएचसी से मंडी अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया है। लोगों का आरोप है कि अध्यापक बच्चों को देखने नहीं आए।
उधर, बीपीईओ दलजीत सिंह ने बताया कि मामले में छानबीन की जाएगी। साथ ही अध्यापकाे से जवाब मांगा जाएगा। उन्होंने कहा कि बच्चों को अस्पताल तक पहुंचाने की जिम्मेवारी अध्यापकों की थी।

Related posts