
स्वारघाट (बिलासपुर)। राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ स्वारघाट इकाई ने शिक्षा निदेशालय से स्कूलों की समयसारिणी में बदलाव करने की मांग की है। संघ का कहना है कि पंजाब राज्य की सीमा से सटे होने के कारण नयनादेवी विधानसभा क्षेत्र के चंगर क्षेत्र में गर्मी विकराल रूप धारण कर चुकी है। गर्मी के चलते बच्चों को नुकसान न पहुंचे, इसके लिए शिक्षा विभाग को स्कूलों की समयसारिणी में बदलाव करना चाहिए।
राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ की खंड स्वारघाट इकाई के प्रधान रणजीत सिंह ठाकुर, महासचिव रोशन लाल, कोषाध्यक्ष दिनेश कुमार राणा, वरिष्ठ उपप्रधान विद्यासागर, महालेखाकार भाग सिंह, महिला विंग की अध्यक्ष मनोरमा देवी, सचिव रचना देवी, प्रेस सचिव देशराज मिन्हास ने कहा कि पंजाब के साथ लगते चंगर क्षेत्र में इस समय भीषण गर्मी का कहर है। इस कारण इस क्षेत्र की पाठशालाओं में शिक्षा गहण कर रहे नौनिहालों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि 42 से 44 डिग्री तापमान के चलते बच्चों को समस्या उठानी पड़ रही है। कई बच्चे गर्मी की बजह से बेहोश होकर गिर रहे हैं। ऊपर से कई स्कूलों में पेयजल की समस्या बनी हुई है। उन्होंने कहा कि इस बारे में उप निदेशक प्रारंभिक शिक्षा को भी अवगत करवाया है। कि इन सीमांत क्षेत्र की पाठशालाओं का या तो समय बदला जाए या फिर जब तक इस गर्मी से कुछ राहत नहीं मिलती तब तक अवकाश घोषित कर दिया जाए।
