
टाहलीवाल (ऊना)। टाहलीवाल पेट्रोल पंप के पास सड़क हादसे में स्वास्थ्य विभाग में तैनात चिकित्सक की मौत हो गई। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंच कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए ऊना के क्षेत्रीय अस्पताल में भेज दिया। मृतक की पहचान 35 वर्षीय राकेश पुरी निवासी शिवालिक एवन्यू नया नंगल के रूप में हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज करके छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार बुधवार दोपहर बाद डाक्टर राकेश पुरी पीएचसी दुलैहड़ से ड्यूटी देकर अपनी एक्टिवा स्कूटी पर सवार होकर अपने घर की ओर जा रहे थे। टाहलीवाल पेट्रोल पंप के पास एक्टिवा स्किड हो गई। जिससे वह अनियंत्रित होकर सड़क के बीच गिर गए। हादसे में राकेश के सिर पर गहरी चोटें लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव कब्जे में लिया। ट्रैफिक इंचार्ज मुश्ताक ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
