
पौड़ी। स्काउट गाइड की जिला स्तरीय बैठक में अधिकारियों ने पंजीकरण और नवीनीकरण के प्रति गंभीरता दिखाने के निर्देश दिए। कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।
शिक्षा विभाग के कार्यालय परिसर में आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए स्काउट गाइड के जिला मुख्य आयुक्त एलएम चमोला ने कहा कि सभी विद्यालयों में प्रधानाचार्य स्काउट गाइड संबंधी गतिविधियों को अनिवार्य रूप से संचालित करेंगे। खंड शिक्षा अधिकारी भ्रमण कर निरीक्षण करेंगे।
तृतीय सोपान, राज्यपाल तथा राष्ट्रपति पुरस्कार के लिए बच्चों को प्रेरित करने और द्वितीय सोपान की परीक्षा 25 अगस्त तक कराने के निर्देश दिए गए। बताया गया कि जिला स्तरीय रैली 11 से 13 सितंबर तक दुगड्डा ब्लाक में होगी। खंड शिक्षा अधिकारियों को ब्लाक कार्यकारिणी का गठन करने के निर्देश देते हुए आयुक्त ने कहा कि गतिविधियों के संचालन में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में डीईओ हरे राम यादव, यशवंत चौधरी, बीईओ जगमोहन रावत, शिवचरण भट्टा, माधुलाल आर्य, जिला सचिव मदन मोहन जोशी, गाइड कैप्टन शांति रतूडी, चंडी प्रसाद डंडरियाल, पवेंद्र नेगी, महेश उप्रेती, फईम खान, राजेंद्र रावत, राजेंद्र राणा आदि मौजूद रहे। संचालन जिला समन्वयक केशर सिंह असवाल ने किया।
