सौ करोड़ के लिए पांच शर्तों का पेंच

शिमला। प्रदेश को राष्ट्रीय उच्चतर शिक्षा अभियान (रूसा) में करोड़ों की राशि लेने के लिए दस दिन में पांच शर्तें पूरी करनी होंगी। इन शर्तों को पूरा करने के बाद ही पैसा बरसेगा। प्रदेश विवि को करीब 100 करोड़ रुपये रूसा के मिलने हैं। 31 अक्तूबर तक इन शर्तों को पूरा कर रूसा का विस्तृत प्लान हिमाचल को केंद्र सरकार के पास मंजूरी के लिए भेजना है। केंद्र सरकार ने रूसा के प्रारूप को अब मंजूर कर दिया है। इसमें जो भी शर्तें हैं, राज्यों को उन शर्तों को पूरा करना होगा। प्रदेश ने रूसा को पहले से लागू कर इसकी कई शर्तों को पूरा कर दिया है। अब सबसे बड़ी शर्त हिमाचल को राज्य उच्च शिक्षा परिषद की स्थापना करनी होगी। इसके अलावा हर कॉलेज की एक साल का प्लान बनाना होगा। इसके साथ ही कॉलेजों के पांच साल के प्लान को भी तैयार करना होगा। कॉलेजों में रूसा के जरिये कितने शिक्षकों की आवश्यकता है? इसकी खाली पदों की रिपोर्ट तैयार करनी होगी? इन पदों को भरने के लिए केंद्र की ओर से राशि जारी की जानी है। रूसा से कॉलेजों में नए पद भरने के लिए राशि भी मिलनी है। अगले दस सालों के लिए शिक्षकों का खर्च भी केंद्र उठाएगा। प्रदेश विश्वविद्यालय को रूसा की योजना से 100 करोड़ की राशि मिलनी है। हालांकि, हिमाचल रूसा की शर्तों को पूरा करने के मामले में अन्य राज्यों से काफी आगे है। प्रधान सचिव शिक्षा आरडी धीमान ने माना कि पांच शर्तों को ही हिमाचल को पूरा करना बाकी है। विभागीय स्तर पर इसकी तैयारी करने के निर्देश जारी कर दिए हैं।

Related posts