
सोलन। ममलीग पंचायत में सौर ऊर्जा की लाइटों में धन के दुरुपयोग के आरोपों को लेकर ग्रामीणों ने भाजपा नेताओं के साथ मिलकर कांग्रेस के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। लोगों का आरोप है कि प्रोजेक्ट आफिसर हिम ऊर्जा सोलन की तरफ से अनुदान पर सौर ऊर्जा से संचालित लाइटें अन्य पंचायतों की तुलना में ममलीग पंचायत को महंगे दामों पर दी गई हैं। इसी संदर्भ में उपायुक्त सोलन को ज्ञापन सौंप कर विधायक व मंत्री कर्नल शांडिल की गृह पंचायत की कमान संभालने वालों को निशाना बनाया है।
भाजपा जिला महामंत्री रविंद्र परिहार की अगुवाई में डीसी को शिकायत पत्र सौंपा गया है। महामंत्री ने बताया कि ज्ञापन में कहा गया है कि प्रोजेक्ट आफिसर हिम उर्जा सोलन की तरफ से अनुदान पर सौर उर्जा से संचालित 200 लाइटें ग्राम पंचायत ममलीग को जनवरी एवं फरवरी 2013 में प्रदान की गई। यह लाइट 3200/3500 रुपये में मुहैया करवाई गई। वहीं अन्य पंचायतों में इससे सस्ती लाइटें प्रदान की गई हैं। इसमें सौर उर्जा लगाने वाले लोगों के साथ धोखा हुआ है। अतिरिक्त धन एकत्र किया गया है।
उपायुक्त सोलन मीरा मोहंती ने इस मामले में जांच का आश्वासन दिया है। इस मौके पर बीडीसी कंडाघाट नंद राम कश्यप, बीडीसी मेंबर ममलीग सोमा ठाकुर, पूर्व प्रधान अनिल परिहार, पूर्व वार्ड मेंबर ममलीग व महामंत्री महिला मोरचा लता शर्मा, सोहन लाल परिहार, राजेश ठाकुर, राजेंद्र, मान सिंह, सुरेंद्र, भजनानंद, राम भजन, मोहन सिंह व राजेंद्र ठाकुर, कैलाश परिहार और शैलेंद्र गुप्ता इस मौके पर मौजूद रहे।
आरोप 01. आरोप है कि हिम ऊर्जा विभाग ने 2700 रुपये में सौर ऊर्जा की लाइटें प्रदान की हैं। 300 रुपये इंस्टालेशन चार्जेस का खर्चा तय किया, लेकिन लोगों से 3200 से 3500 रुपये तक वसूले गए।
आरोप 02. आरोप है कि इस सारे मामले में कथित तौर पर अतिरिक्त एक लाख रूपये से अधिक की राशि वसूली गई है, जो न्यायसंगत नहीं है। यह राशि जनता की है।
आरोप 03. उपभोक्ताओं को स्वयं लाइटों के लिए गड्ढे करने पड़े। सीमेंट रेत बजरी आदि मुहैया नहीं करवाई गई, साधारण गड्ढा तैयार करके खंभों को खड़ा कर दिया गया है।
भाजपाइयों का षडयंत्र
ममलीग पंचायत प्रधान सत्या ठाकुर ने सारे आरोपों को निराधार बताया है। उन्होंने कहा कि सौर ऊर्जा की लाइटों के लिए किसी भी ग्रामीण से उन्होंने सीधा पैसा नहीं लिया है।
सीमाओं में रह भाजपाई: प्रताप
कांग्रेस जिला महासचिव प्रताप ठाकुर ने कहा कि स्वच्छ और इमानदार कांग्रेसी प्रधानों की छवि खराब करने की कोशिश की जा रही है। इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
डर नहीं तो करवाएं जांच : गोविंद
भाजपा जिला अध्यक्ष गोविंद शर्मा ने कहा कि अगर डर नहीं है तो कांग्रेसी मामले की जांच करवाएं।
