सौंखर में मौत बनकर आई बारिश

भराड़ी/घुमारवीं (बिलासपुर)। जनपद बिलासपुर में बारिश की फुहारें एक शख्स के लिए मौत बनकर आई। घुमारवीं क्षेत्र के अंतर्गत हटवाड़ पंचायत के सौंखर गांव में बारिश के कारण पशुशाला की दीवार ढहने के कारण मलबे में दबकर एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान 73 वर्षीय बुजुर्ग सीता राम के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार विकास खंड घुमारवीं के अंतर्गत ग्राम पंचायत हटवाड़ के गांव सौंखर में मृतक सीता राम अपनी पशुशाला में कार्य कर रहा था। बाहर हो रही तेज बारिश के बीच अचानक पशुशाला की दीवार ढहकर उस पर गिर गई। उसे तुरंत उपचार के लिए हमीरपुर अस्पताल ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है।
डीएसपी अंजनी जसवाल ने कहा कि शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। उन्होंने कहा कि पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। उधर, मूसलाधार बारिश से जिला में जनजीवन ठप हो गया है। बिलासपुर और घुमारवीं शहर में बारिश का पानी सड़कों पर बहने से लोगों का पैदल चलना तक मुश्किल हो गया। सड़कें और नालियां नालों में तबदील हो गई। बारिश के कारण लोगों का घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया। लगभग एक घंटे तक ताबड़तोड़ बारिश के बाद मौसम खुला तो लोगों ने राहत की सांस ली।

Related posts