
कपकोट। विकास खंड के पिंडरघाटी क्षेत्र में आपदा पीड़ित एक हजार से अधिक परिवारों को मुफ्त सोलर लालटेनों का वितरण शुरू हो गया है। आखिरी गांव बोर बलड़ा और कुंवारी में उरेडा की तरफ से क्षेत्रीय विधायक ललित फर्स्वाण ने इसकी शुरुआत की। पहले दिन 40 सोलर लालटेनें वितरित का गईं।
17 जून की बारिश में पिंडर नदी के पैदल पुल बह जाने के कारण इस इलाके का संपर्क कट गया। यहां जल विद्युत परियोजनाओं को भी क्षति पहुंची। पूरा इलाका अंधकार में डूब गया। ग्रामीणों की मांग पर विधायक ललित फर्स्वाण ने वैकल्पिक व्यवस्था का भरोसा दिलाया। पिछले दिनों यहां आगमन पर मुख्यमंत्री ने उरेडा को वहां सोलर लालटेन नि:शुल्क बांटने के निर्देश दिए। शुक्रवार को विधायक ने इसकी शुरुआत की। कुंवारी और बोर बलड़ा में 40 लालटेनें बांटी गई। उरेडा के अधिकारियों ने बताया कि एक हजार लालटेनें आ चुकी हैं। धीरे-धीरे सभी गांवों में इनका वितरण होगा। इस मौके पर ग्राम विकास अधिकारी प्रमोद पांडेय, पटवारी बीएल वर्मा,रमेश लाल, किसन दानू,रामसिंह दानू,बीना देव, नरेंद्र सिंह, केदार दानू, अवर अभियंता सुभाष राम गौतम, मनोज कुमार बजेठा आदि उपस्थित थे।
