
पिथौरागढ़। सोबला और सेला में राहत शिविरों में रह रहे लोग सुरक्षित हैं। आईटीबीपी के सेनानी रणवीर सिंह ने बताया कि उन्हें धारचूला लाने का प्रयास किया जा रहा है। खोज और बचाव कार्य में सेना के चार, वायु सेना के दो और सिविल प्रशासन का एक हेलीकॉप्टर कार्य कर रहा है। पाछू, भापा, धनगड़ को लकड़ी का अस्थाई पुल बनाकर जोड़ दिया गया है।
लास्पा, खलीथ, संदू, तोला, रेलकोट में खाद्य सामग्री पहुंचाने के साथ बुर्फू से तोला को अस्थाई पुल से जोड़ दिया गया है। मर्तोली और रालम गांवों तक राहत टीम भेजी गई है। प्रशासन ने बताया कि दारामा घाटी में राहत पहुंचाने के बाद फिलम और बालिंग गांवों को कवर किया जा रहा है।
मुनस्यारी और धारचूला तहसील में 95 टैंट, 150 कंबल और 100 तिरपाल प्रभावितों को बांटा जा चुका है। व्यापार संघ ने 100 पैकेट राशन, 50 कंबल, 50 चटाई और 50 तिरपाल मुनस्यारी में बांटने के लिए प्रशासन को दिया। राशन और अन्य खाद्य सामग्री भी वितरित की गई है। सेना, आईटीबीपी, एसएसबी और आपदा राहत दल ने दारमा घाटी के सभी गांवों तक राहत सामग्री पहुंचाने का दावा किया है।
