
शिमला। सोन खड्ड में सोना है या नहीं, इस संबंध में पूर्व परिवहन मंत्री एवं धर्मपुर के भाजपा विधायक महेंद्र सिंह के इस सवाल से राज्य उद्योग निदेशालय के अधिकारी उलझन में हैं। वे इस पर खूब माथापच्ची कर रहे हैं। निदेशालय का भूविज्ञान प्रकोष्ठ इस बारे में सवाल बना रहा है।
उन्नाव में शोभन सरकार की सोने की भविष्यवाणी की घटना अभी ठंडी हुई ही है कि अब हिमाचल केसरकारी गलियारों में इस सवाल के पूछे जाने की खूब चर्चा है। हिमाचल प्रदेश विधानसभा का शीतकालीन सत्र 16 दिसंबर से धर्मशाला में शुरू होने जा रहा है। विधायक महेंद्र सिंह ने धर्मपुर क्षेत्र में पड़ने वाली सोन खड्ड में सोने की उपलब्धता की मान्यताओं के आधार पर यह सवाल पूछा है। महेंद्र सिंह ने इस तरह के सवाल को पूछे जाने की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि चूंकि इस तरह की लोक मान्यताएं हैं, इसलिए उन्होंने यह जानने के लिए सवाल पूछा है कि इसका कोई वैज्ञानिक आधार है या नहीं। दूसरी ओर, राज्य भूविज्ञानी इंद्रेश धीमान ने भी पुष्टि की है कि एक इस तरह का भी सवाल आया हुआ है। उन्होेंने इससे अधिक टिप्पणी करने से इनकार किया।
