सोने के उतार-चढ़ाव ने बिगाड़ा खेल

धर्मशाला। सोने के दामों में लगातार आ रहे उतार-चढ़ाव ने सर्राफा व्यापारियों का धंधा चौपट कर दिया है। धर्मशाला में करवाचौथ पर नाममात्र आभूषणो की ही बिक्री हुई है। कीमतें स्थिर न होने से कारोबार काफी प्रभावित रहा। मौजूदा समय में सोने के भाव प्रति 10 ग्राम 32 हजार रुपये से ऊपर हैं। इसके चलते पिछले साल की तुलना में धर्मशाला में सर्राफा व्यापारियों का कारोबार मंदा रहा। सुनारों ने कई तरह के ऑफर चलाकर अपने धंधे को चमकाने की कोशिश की।

किटी सेट की हुई बिक्री
सुनारों ने 16 ग्राम के किटी सेट पर ऑफर चलाया। इसकी धर्मशाला में खूब बिक्री हुई। किटी सेट में चेन, टॉक्स और लोकेट शामिल हैं। इसकी कुल कीमत 48 हजार रुपये निर्धारित की गई है। वहीं, 25 ग्राम का एंटिक सेट भी 75 हजार रुपये में काफी हद तक बिका।

रानीहार नहीं पहना किसी ने
बड़े घरानों के लिए 80 ग्राम का 2.80 लाख का रानीहार भी काफी आकर्षण का केंद्र रहा लेकिन इसे खरीदने की कोई हिम्मत नहीं जुटा पाया।

कीमतों ने बिगाड़ा कारोबार
धर्मशाला के कोतवाली बाजार स्थित जोड़ा ज्वेलर्स के मालिक सुनील जोड़ा का कहना है कि कीमतें स्थिर न रहने से आभूषणों की बिक्री प्रभावित रही। हालांकि, लोगों में आभूषण खरीदने के लिए उत्साह दिखा लेकिन कीमतें स्थिर न रहने से संतोषजनक बिक्री नहीं हो पाई।

कई महिलाओं ने नहीं खरीदे गहने
महिलाओं विमला देवी, राशि, कमला देवी, रीना शर्मा, मीनाक्षी देवी, दीपिका आदि का कहना है कि महंगाई अधिक होने के चलते इस मर्तबा महंगे और आकर्षक गहनों की खरीद उन्होंने नहीं की। कुछ महिलाओं का कहना है कि महंगाई के चलते उन्होंने गहने नहीं खरीदे।

Related posts