
नई दिल्ली: सीबीआई ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के सहयोगी और पूर्व निजी सचिव विन्सेंट जॉर्ज के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति के मामले को पर्याप्त सबूतों के अभाव में बंद कर दिया है। सूत्रों ने कहा कि 10 साल से अमेरिका से साक्ष्य मांगने के एजेंसी के न्यायिक अनुरोध पर कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली जिसके कारण एजेंसी को पर्याप्त सबूतों के अभाव का हवाला देते हुए मामले को बंद करना पड़ा।
सीबीआई के अनुसार मामला यह था कि जॉर्ज ने 1990 के बाद कथित तौर पर बहुत संपत्ति इकट्ठी की जिसमें दक्षिण दिल्ली में व्यावसायिक और आवासीय संपत्तियां, बेंगलूर, चेन्नई और केरल में संपत्तियां तथा दिल्ली की सीमा पर खेती की जमीन के अलावा बैंक खातों में 1.5 करोड़ रुपए नगदी शामिल है। जॉर्ज ने कथित तौर पर विदेश से प्राप्त नगदी का इस्तेमाल करते हुए संपत्तियां खरीदीं।
उनका दावा था कि विदेश से उनके परिजनों ने उपहार के तौर पर धन दिया। सूत्रों के अनुसार यह लेन-देन हवाला की प्रकृति का होने का संदेह हुआ क्योंकि कथित अवैध धन को पहले विदेश ले जाया गया और उपहार के तौर पर लौटा दिया गया जो जॉर्ज के लिए सफेद धन था।
