
कुल्लू। लोकसभा चुनावों को लेकर चुनाव प्रचार करने आने वाले वीवीआईपी नेताओं की रैलियों में किसी तरह की गड़बड़ी व शांति भंग न हो, इसको लेकर कुल्लू पुलिस ने अलर्ट होकर घाटी की सुरक्षा को कड़ा कर दिया है। चार मई को प्रतिभा सिंह के पक्ष में चुनाव प्रचार करने ढालपुर आ रही कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी केदौरे को लेकर पुलिस ने सुरक्षा के लिहाज से सूबे की लगती सभी सीमाओं को सील कर दिया है। बजौरा से शुरू होती जिला कुल्लू की सीमा से लेकर कुल्लू-मनाली तक पुलिस ने रात्रि गश्त तथा पेट्रोलिंग को बढ़ा दिया है। जिले के सभी थानों और चौकियों को भी अलर्ट कर दिया गया है। चुनावी मौसम के चलते जिला प्रशासन तथा पुलिस किसी तरह का रिस्क नहीं उठाना चाहती है। घाटी में समर सीजन भी रफ्तार पकड़ने लगा है। ऐसे में पर्यटक के भेष में आपराधिक तत्वों तथा संदिग्ध किसी तरह से एंट्री न करें, इस पर भी पुलिस पैनी नजर रखे हुए हैं। रैली को सफल बनाने में प्रदेश तथा जिला कांग्रेस कमेटी रात-दिन जुटी है। उधर, एसपी कुल्लू डा. विनोद कुमार धवन ने कहा कि पुलिस ने अपनी गतिविधियां तेज कर दी हैं। कुल्लू में प्रवेश होने वाले सभी पर्यटक और अन्य वाहनों की तलाशी ली जा रही है। कहा कि अगर किसी भी व्यक्ति पर कोई किसी तरह का शक हो तो इसकी सूचना पुलिस को दें। कहा कि पुलिस किसी भी स्थिति को निपटने को तैयार है। डीसी कुल्लू एवं जिला निर्वाचन अधिकारी राकेश कंवर ने कहा कि प्रशासनिक स्तर पर जिला प्रशासन चुनाव आयोग की गाइड लाइन के तहत अपनी तैयारी करने में जुट गया है।
