सोनिया की आवाज में फोन करने के मामले में महिला कर्मचारी पर संदेह

सोनिया की आवाज में फोन करने के मामले में महिला कर्मचारी पर संदेह

नई दिल्ली: एटार्नी जनरल जी ई वाहनवती को उच्चतम न्यायालय के कुछ उच्चस्तरीय मामलों के संबंध में कथित तौर पर एक सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी की महिला कर्मचारी ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी की आवाज की नकल कर फोन किया था जिसके बाद वाहनवती ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि एटार्नी जनरल के फोन पर जो नंबर आया वह सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी के दफ्तर के एक्सचेंज का था। कुल मिलाकर वाहनवती को सात फोन कॉल किए गए। सूत्रों ने बताया कि शुरूआत में सोनिया गांधी बनकर फोन किया गया और बाद में फोन पर दावा किया गया कि वह कांग्रेस अध्यक्ष के दफ्तर से बोल रही है।

केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों ने सतर्कता के साथ जांच की जिसके बाद एटार्नी जनरल ने सरकार को जानकारी दी। सरकार ने उन्हें दिल्ली पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा में शिकायत दर्ज करने का सुझाव दिया। केद्रीय गृह मंत्री सुशील कुमार शिंदे ने आज राष्ट्रीय एकता परिषद की बैठक से इतर संवाददाताओं से कहा कि दिल्ली पुलिस ने नकली आवाज में किये गये फोन कॉल के मामले में प्रारंभिक जांच शुरू कर दी है और जरूरी औपचारिकताओं के बाद प्राथमिकी दर्ज करेगी।

कहा जा रहा है कि फोन करने वाली महिला एक सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम की कर्मचारी है। उसने कथित तौर पर सोनिया बनकर फोन किया और वाहनवती से बात करते हुए खुद को थोड़ा नाखुश दिखाने की कोशिश की। कोयला घोटाले से जुड़े किसी शख्स ने कथित तौर पर उसे वाहनवती को फोन करने के लिए कहा था ताकि इस घोटाले के सिलसिले में उच्चतम न्यायालय के समक्ष उनकी राय को प्रभावित किया जा सके।

Related posts