
नेरचौक (मंडी)। नवरात्र पर्व के मौके पर सोना-चांदी के दाम में आई गिरावट से सर्राफा बाजार में रौनक लौट आई है। सोने के दाम कम होने से शादी समारोह के लिए लोगों ने जेवरातों की खरीदारी शुरू कर दी है। बुधवार को 22 कैरेट सोना 23800 रुपये तथा 23 कैरेट सोना 25500 प्रति दस ग्राम तक पहुंच गया। वहीं चांदी के दाम गिरने से 44000 रुपये प्रति किलो तक आ गई है।
सोना-चांदी के दाम में आई गिरावट से सर्राफा बाजार में खरीदारों की चहल-पहल बढ़ने लगी है। शीघ्र ही शादी के मुर्हूत शुरू होने व नवरात्रों के चलते लोग सोने-चांदी के गहनों की खरीदारी कर रहे हैं। साथ ही सर्राफा बाजार में मंदी की मार दूर हुई है।
सर्राफा बाजार नेरचौक के प्रधान रतन चंद सोनी का कहना है कि सोना व चांदी के दाम में गिरावट आने से लोग गहने खरीदने में दिलचस्पी दिखाने लगे हैं। नवरात्रों और शादी समारोह के लिए लोग जेवरातों की खरीदारी कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि 22 कैरेट सोने के रेट 23800 रुपये तथा 23 कैरेट सोना 25500 रुपये तक आ गए हैं। सर्राफा व्यापारी सुभाष सोनी व रमेश बग्गा का कहना है कि महंगाई के दौर में सोने-चांदी के दाम में गिरावट आना आम आदमी के सौगात है।
जानकारों के मुताबिक 12 साल से सोने के दाम लगातार बढ़ रहे थे। पिछले साल 26 नवंबर 2012 को सोना 32975 रुपये तक पहुंच गया था। इससे लोगों ने सोने-चांदी के जेवरातों की खरीदारी भी कम कर दी थी। वहीं सोने के महंगे रेट पर पूंजी निवेश करने वाले लोग भी मायूस हैं। स्थानीय निवासी धर्मपाल, नीलम, नीलमणि, बेली राम, राधा, बलदेव व भाग सिंह का कहना है कि सोने के दाम में गिरावट से आम लोगों को राहत मिली है।
