सैलानी पूछ रहे, शिमला में इतना जाम क्यों?

शिमला। टूरिस्ट सीजन पीक पर है और हिल्सक्वीन में रोजाना जाम लग रहा है। शिमला पहुंचने वाले सैलानी जाम से परेशान है। सैलानियों को यह समझ नहीं आ रहा कि आखिर शिमला में हर रोज लग रहे जाम की वजह क्या है। बुधवार को राजधानी के प्रवेश द्वार पर सुबह आठ बजे से जाम लगा रहा। घोड़ा चौकी से वाहनों की कतार विक्ट्री टनल तक लग गई। इस दौरान दर्जनों पर्यटक वाहन जाम में फंसे रहे और शिमला की खूबसूरती का आनंद लेने आए सैलानी गाड़ियों में कैद हो कर रह गए। टारिंग के चलते सर्कुुलर रोड़ पर भी जाम की स्थिति बनी रही। जाम के कारण कर्मचारी देरी से आफिस पहुंचे, और परेशानी झेलनी पड़ी। क्रासिंग से लिफ्ट के बीच सड़क किनारे हो रही खुदाई के कारण सड़क तंग होने के कारण दिन भर जाम की स्थिति बनी रही। लोक निर्माण विभाग डिवीजन वन के अधिशासी अभियंता दीपक राज चौहान ने बताया कि जिन स्थानों पर पुरानी टारिंग है वहीं खुदाई की अनुमति दी गई है। कंपनी को निर्देश दिए गए हैं कि सौ से डेढ़ सौ मीटर खुदाई के बाद नालियां भर दी जाएं, ताकि जाम की समस्या पैदा न हो।

Related posts