सैरगाहों पर पर्यटकों को रिझा रहे लोक कलाकार

शिमला। सूचना एवं जन संपर्क विभाग और पर्यटन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में पर्यटक सीजन के चलते प्रदेश भर के पर्यटक स्थलों पर मनोरंजन के खास इंतजाम किए गए हैं। राजधानी शिमला में लोक कलाकार ऐतिहासिक रिज मैदान पर पारंपरिक लोेक नृत्य और लोकगीत पेश कर रहे हैं। शुक्रवार को रिज मैदान पर स्थानीय कलाकारों ने पर्यटकों के लिए पहाड़ी लोकनृत्य पेश कर उनका मनोरंजन किया। वंदना कला मंच के कलाकारों ने महात्मा गांधी की प्रतिमा के समीप और गेयटी के ओपन थियेटर में कार्यक्रम पेश किए। लोक कलाकार विमला चौहान, मोहन गुलेरिया, नरेश शर्मा, चेतन, सोना लक्ष्मी, माला, ओम प्रकाश, चतर सिंह, राजेश और ललित पर्यटकों को हिमाचल की लोक संस्कृति से रूबरू करा रहे हैं। दल के प्रभारी चतर सिंह ने कहा कि 7 से 9 जून और 14 से 16 जून तक कार्यक्रम होंगे। उधर, सूचना एवं जन संपर्क विभाग के उप निदेशक गीत एवं नाट्य मेला राम शर्मा ने बताया कि प्रदेश भर में दस पर्यटक स्थलों पर 110 कलाकार पर्यटकों का मनोरंजन कर रहे हैं।

Related posts