सैन्य सम्मान के साथ शहीद की अंत्येष्टि

गोपेश्वर। 25 जून को केदारनाथ रेस्क्यू आपरेशन के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हुए हेलीकॉप्टर में शहीद हुए आईटीबीपी के जवान अजय कुमार का मंगलवार को उनके पैतृक घाट पर सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। अजय कुमार के पार्थिव शरीर को शहीद के भाई अशोक कुमार और अरुण कुमार ने मुखाग्नि दी।
नंदप्रयाग के थिरपाक गांव निवासी अजय कुमार वर्ष 2009 में आईटीबीपी में भर्ती हुए थे। वर्तमान में वे आईटीबीपी गौचर में तैनात थे। 16/17 जून को उत्तराखंड में जलप्रलय के बाद आईटीबीपी द्वारा केदारनाथ और बदरीनाथ में रेस्क्यू आपरेशन चलाया गया, जिसमें 25 जून को केदारनाथ जाते हुए एमआई-17 वी-5 हेलीकॉप्टर वापसी में दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें अजय कुमार भी शहीद हो गए। मंगलवार को पैतृक घाट नंदप्रयाग संगम पर गार्ड ऑफ आनर के साथ शहीद का अंतिम संस्कार किया गया। इस मौके पर आईटीबीपी के आईजी आईएस नेगी ने शहीद के पार्थिव शरीर पर रीत चढ़ाकर सलामी दी। बदरीनाथ विधायक राजेंद्र भंडारी ने शहीद के परिजनों को ढांढस बंधाया। शहीद की शव यात्रा में क्षेत्र के सैकड़ों लोग शामिल हुए।

Related posts