
बड़कोट। जम्मू कश्मीर में शहीद बिगराड़ी गांव के सैनिक राजेश चमियाल के पार्थिव शरीर का सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। इस मौके पर मौजूद विभिन्न राजनीतिक तथा सामाजिक संगठनों से जुड़े लोगों ने उन्हें नम आंखों से विदाई दी। सैनिक की मौत से पूरे गांव में मातम छा रखा है। उसकी पत्नी के साथ परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
गढ़वाल राइफल्स चौथी बटालियन जम्मू में तैनात बिगराड़ी गांव निवासी राजेश चमियाल(24) पुत्र उपेंद्र चमियाल को 23 जून को पेट्रोलिंग के दौरान सांप ने काट लिया था, जिससे उसकी मौत हो गई। बृहस्पतिवार को सेना के जवान उनके पार्थिव शरीर को गांव लाए। यहां यमुना किनारे सैन्य सम्मान के साथ मृत सैनिक का अंतिम संस्कार किया गया। राजेश अपने पीछे माता-पिता, एक भाई तथा पत्नी राजेश्वरी को छोड़ गया। उसकी शादी इसी वर्ष 14 फरवरी को हुई थी।
अंतिम संस्कार के दौरान बटालियन के सूबेदार मदन सिंह, नायक राजवर सिंह, गोविंद सिंह, कुंवर सिंह रावत, विधायक मालचंद, नगर पंचायत अध्यक्ष अतोल रावत, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष तीरथ सिंह रावत, जिला पंचायत अध्यक्ष नारायण सिंह चौहान, पूर्व विधायक राजेश जुवांठा, जगवीर भंडारी, एसडीएम देवमूर्ति यादव, एसओ अजय सिंह, मुन्ना सिंह चौहान आदि मौजूद थे।
Share
