सैंज में मिला घाघड़ गांव के युवक का शव

ठियोग (शिमला)। उपमंडल ठियोग के साथ लगते सैंज में एक युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। युवक की हत्या हुई या किसी अन्य कारण से मौत हुई है, पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।
थाना प्रभारी बलदेव ठाकुर ने बताया कि पुलिस ने आसपास के लोगाें और मृतक के परिवार के सदस्यों के बयान दर्ज कर कर लिए है। पुलिस को सुबह पांच बजे थाने में सूचना मिली कि सैंज में सड़क पर किसी का शव पड़ा है। युवक की पहचान राजेंद्र पुत्र दीला राम निवासी घाघड़ गांव के रूप में हुई है। वह पेशे से चालक का काम करता था।
प्रारंभिक जांच में पाया गया कि राजेंद्र ने देर रात करीब दस बजे अपने घर वालों से फोन पर बात की है। सुबह मृतक की जेब से तीन हजार रुपये तो मिले हैं लेकिन मोबाइल फोन गायब पाया गया।
डीएसपी सागर चंद शर्मा ने बताया कि पुलिस जल्द ही मामले को सुलझा लेगी। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। उन्होंने कहा कि मृतक के शरीर पर कई चोंटें भी लगी हैं।

Related posts