
चंपावत। राजकीय बालिका इंटर कालेज की एनएसएस की इकाई का सात दिनी शिविर प्राथमिक विद्यालय डूंगरासेठी में शुरू हो गया है। मुख्य अतिथि खंड शिक्षाधिकारी शौकत अली ने दीप प्रज्ज्वलित कर शिविर का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि एनएसएस के शिविर अनुशासन सिखाने के साथ ही छात्र-छात्राओं में सेवा भावना भी पैदा करते हैं। प्रधानाचार्या निधि सक्सेना ने सभी छात्राओं से पूर्ण मनोयोग से प्रशिक्षण हासिल करने की अपील की। इस मौके पर छात्राओं की ओर से रंगारंग कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए।
एनएसएस प्रभारी रोजी नैयर ने शिविर के सात दिनों का कार्य वृत्त रखा। उन्होंने कहा कि इस दौरान शिविरार्थियों की ओर से गांव में श्रमदान करने के साथ ही जागरूकता अभियान संचालित किए जाएंगे तथा सरकारी योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों को दी जाएगी। सामाजिक कार्यकर्ता राजेंद्र गहतोड़ी के संचालन में हुए समारोह में छात्रा प्रियंका बिष्ट ने एनएसएस की अवधारणा और उद्देश्यों की जानकारी दी। इस मौके पर शिक्षिका आशा टम्टा, प्रकाश उपाध्याय, भानुप्रिया, राजेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।
