सेवानिवृत्त कर्मियों से पटवारी पद को मांगे आवेदन

मंडी। उपायुक्त देवेश कुमार ने बताया कि जिले में पटवारी के 119 रिक्त पदों पर सेवानिवृत्त पटवारी/कानूनगो की अनुबंध आधार पर नियुक्ति की जाएगी। इसके लिए इच्छुक सेवानिवृत्त पटवारी और कानूनगो सादे कागज पर अपना प्रार्थना पत्र, दसवीं कक्षा के प्रमाण पत्र की सत्यापित छायाप्रति, सेवानिवृत्ति का प्रमाण पत्र तथा विभागीय जांच लंबित न होने के शपथ पत्र सहित 30 अक्तूबर तक उनके कार्यालय को प्रेषित करें।
सेवानिवृत्त पटवारी और कानूनगो जिले का स्थायी निवासी होना चाहिए। सेवानिवृत्ति से पूर्व हिमाचल प्रदेश राजस्व, भू-एकत्रीकरण व भू-व्यवस्था विभाग में कम से कम 5 वर्ष का सेवाकाल पूरा किया हो। इसके अतिरिक्त उसके खिलाफ कोई विभागीय अनुशासनात्मक कार्यवाही विचाराधीन व लंबित न हो। अनुबंध पर नियुक्ति एक वर्ष के लिए विचारार्थ होगी। आवेदक की आयु पहली अगस्त 2013 को 62 वर्ष से कम हो। आवेदन पत्र अधिक प्राप्त होने पर कम आयु वाले आवेदक को अधिमान दिया जाएगा। आवेदक ने मैट्रिक स्तर और विभागीय पटवार परीक्षा उत्तीर्ण की हो। अनुबंधित पटवारी को कुल 7810 रुपये मासिक अनुबंध राशि दी जाएगी। अनुबंधित पटवारी का स्थानांतरण एक स्थान से दूसरे स्थान पर किसी भी अवस्था में नहीं किया जाएगा। अनुबंधित पटवारी की सेवा पूर्णतया अस्थायी होगी तथा उपायुक्त द्वारा किसी भी समय कर्मचारी की कार्यशैली आचरण संतोषजनक न पाए जाने पर किसी भी समय समाप्त की जा सकती है।

प्रकाश चौधरी 10 को करेंगे प्रतिनिधियों के साथ बैठक
मंडी। आबकारी एवं कराधान मंत्री प्रकाश चौधरी 10 अक्तूबर को खंड विकास अधिकारी कार्यालय बल्ह स्थित नेरचौक में बल्ह खंड के सभी प्रधानों, उप प्रधानों तथा पंचायत समिति सदस्यों के साथ बैठक करेंगे। 12 अक्तूबर को दोपहर 12 बजे वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला मैरामसीत के नवनिर्मित भवन का उद्घाटन तथा स्कूल के वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह की अध्यक्षता करेंगे। 13 अक्तूबर को प्रकाश चौधरी दोपहर तीन बजे गुरुद्वारा साहिब रिगड़ में आयोजित प्रकाश उत्सव में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लेंगे।

Related posts